देशभर में आज धूमधाम से दिवाली मनाई जा रही हैं। आम आदमी से लेकर बॉलीवुड सेलेब्स तक हर कोई दिवाली पर जश्न मना रहा है। इस खास मौके पर पढिए हिंदी सिनेमा के दिग्गज सितारों- अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और प्रियंका चोपड़ा के साथ दिवाली पर हुए यादगार किस्से। अमिताभ के हाथ में फटा था बम, पॉकेट में छिपाया था जख्मी हाथ बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पोस्ट पर दिवाली के एक बड़े हादसे का जिक्र किया था। दिवाली पर पटाखे जलाते समय उनके हाथ में ही एक बम फट गया था, जिससे उनका दाहिना हाथ बुरी तरह झुलस गया था। अंगूठे और उंगलियों की मूवमेंट ठीक होने में उन्हें दो महीने से ज्यादा का समय लगा। उस दौरान फिल्मों की शूटिंग रुकने न देने के लिए उन्होंने अनोखा तरीका निकाला। उन्होंने फिल्म ‘इंकलाब’ की शूटिंग के दौरान हाथ पर रुमाल बांधा और फिल्म ‘शराबी’ के दौरान अपना जख्मी हाथ पैंट की जेब में रखकर सीन शूट किए। दर्शकों ने इसे उनका नया स्टाइल मान लिया था। पटाखे में लगी आग, माधुरी के जल गए थे बाल अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने एक इंटरव्यू में बताया था कि बचपन की एक दिवाली पर उनके साथ दर्दनाक हादसा हो गया था। वे अपनी सहेलियों के साथ पटाखे फोड़ रही थीं, तभी एक लड़के ने उनके हाथ में पकड़े पटाखे में आग लगा दी। पटाखा तेजी से फूटा और आग उनके बालों तक फैल गई। गनीमत रही कि उनका चेहरा बच गया, लेकिन काफी बाल जल जाने के कारण उन्हें कुछ समय के लिए गंजा रहना पड़ा था। इस हादसे के बाद से माधुरी दिवाली पर हमेशा पटाखों से दूरी बनाकर रखती हैं। लहंगे में लगी आग, शाहरुख ने जैकेट से बुझाई 2019 में अमिताभ बच्चन के घर ‘जलसा’ में आयोजित दिवाली पार्टी के दौरान एक बड़ी दुर्घटना टल गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी में ऐश्वर्या राय की मैनेजर अर्चना सदानंद का लहंगा एक दिए के संपर्क में आने से जलने लगा। वहां मौजूद अभिनेता शाहरुख खान ने तुरंत अपनी जैकेट उतारी और उसकी मदद से आग को बुझा दिया। इस दौरान शाहरुख खान के हाथ भी हल्के झुलस गए थे, लेकिन उनकी समझदारी से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। अस्पताल के कमरे में बीती प्रियंका की दिवाली अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने भी अपने एक इंटरव्यू में दिवाली से जुड़ा एक इमोशनल किस्सा साझा किया था। प्रियंका के पिता डॉ. अशोक चोपड़ा जब कैंसर के इलाज के लिए अमेरिका के अस्पताल में भर्ती थे, तब बाहर लोग दिवाली का जश्न मना रहे थे। प्रियंका अस्पताल के कमरे में बैठकर अपने पिता के सफल ऑपरेशन के लिए प्रार्थना कर रही थीं। ऑपरेशन सफल रहने के बाद जब वे घर लौटे, तो परिवार ने पिता की सलामती की खुशी को दिवाली की तरह सेलिब्रेट किया। प्रियंका ने बताया कि उस दिन उन्हें अहसास हुआ कि अपनों की अच्छी सेहत ही सबसे बड़ी दिवाली है।

ea822bca-d11d-4331-804c-a7a8e275d6d6
WhatsApp Image 2026-09-29 at 2.38.09 PM (1)

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *