अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के तेवर ईरान को लेकर नरम पड़ गए हैं। ट्रम्प ने कहा है कि अगर ईरान के साथ शांति समझौते पर बातचीत आगे बढ़ती है तो अमेरिका उस पर दोबारा हमला नहीं करेगा। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद बातचीत रुकी हुई है। इसे लेकर किसी मध्यस्थ ने भी पहल नहीं की है। अमेरिका और ईरान की बातचीत में कतर और पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। दोनों के बीच दोहा में 1 नवम्बर को बातचीत हुई थी। हालांकि बातचीत का क्या नतीजा निकला, इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई। ट्रम्प बोले- दोबारा हमले की नौबत नहीं आएगी ट्रम्प ने रविवार को CNN से फोन पर बातचीत में कहा कि अगर ईरान के साथ बातचीत आगे बढ़ती है और मजबूत समझौता होता है, तो अमेरिका के लिए दोबारा हमला करना जरूरी नहीं होगा। ट्रम्प का यह बयान 5 नवम्बर को दिए गए उनके बयान से अलग है। तब उन्होंने कहा था कि अमेरिका ईरान पर आगे की कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है। ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिकी हमलों से ईरान को काफी नुकसान हुआ है और उसकी आर्थिक हालत कमजोर हो रही है। उन्होंने ईरान में महंगाई 301% होने का दावा भी किया। मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को हुए नुकसान के बाद ट्रम्प ने माना था कि ईरान जंग का चुनावी नतीजों पर असर पड़ा है। हालांकि, उन्होंने जंग के फैसले का बचाव करते हुए कहा था कि वह दोबारा भी ऐसा ही करेंगे। वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा था कि ईरान जंग की वजह से रिपब्लिकन पार्टी को चुनाव में नुकसान हुआ। कतर के पीएम ट्रम्प से मिलने पहुंचे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सोमवार को व्हाइट हाउस में कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी से मुलाकात करेंगे। अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी उनसे मिलेंगे। इस दौरान ईरान जंग को लेकर बातचीत हो सकती है। इस मुलाकात से पहले ईरान जंग को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का बयान भी सामने आया है। उन्होंने रविवार को कहा था कि ईरान के साथ शांति वार्ता अब तक बहुत सफल नहीं रही है। ईरान की कुछ मांगें ऐसी हैं, जिन्हें अमेरिका स्वीकार नहीं कर सकता। रुबियो ने इन्हें बेतुका और हकीकत से दूर बताया था। ईरान बोला- अमेरिका जंग खत्म करे तो 2 दिन में होर्मुज खोल देंगे ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अगर अमेरिका हर मोर्चे पर जंग खत्म करता है, तो ईरान दो दिन के अंदर होर्मुज स्ट्रेट खोल देगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिका को पहले ईरान की शर्तें माननी होंगी। ऐसा नहीं हुआ तो ईरान जवाबी हमला करने के लिए तैयार है। अराघची ने कहा कि ईरान हर तरह की स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने अपने हथियार मजबूत किए हैं, सेना की कमजोरियां दूर की हैं और नए हथियारों का परीक्षण किया है। उनके मुताबिक, ईरानी सेना पूरी तरह अलर्ट है। ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA को दिए इंटरव्यू में अराघची ने कहा कि मिडटर्म चुनाव के नतीजे आने के बाद से मध्यस्थों ने कोई खास कोशिश नहीं की है। ईरान पहले देखेगा कि अमेरिका चुनाव के नतीजों से उबरने में कितना समय लेता है। इसके बाद ही वह आगे की रणनीति तय करेगा। होर्मुज स्ट्रेट समुद्र का एक अहम रास्ता है। यहां से दुनिया के कई देशों तक कच्चा तेल और गैस पहुंचता है। अगर इस रास्ते से जहाजों की आवाजाही रुकती है, तो दुनियाभर में तेल की सप्लाई कम हो सकती है और कीमतें बढ़ सकती हैं। अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान पर हमला किया था अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को परमाणु हथियार बनाने का आरोप लगाते हुए ईरान पर हमले शुरू किए थे। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी हमले किए और दोनों के बीच जंग शुरू हो गई। अप्रैल की शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच सीजफायर हुआ, लेकिन यह ज्यादा समय तक नहीं चला। जून में फिर से सीजफायर और जंग खत्म करने को लेकर समझौता हुआ, लेकिन अगस्त में यह भी टूट गया और तनाव फिर बढ़ गया। अब जंग रोकने को लेकर बातचीत चल रही है। इस बातचीत में परमाणु कार्यक्रम, होर्मुज स्ट्रेट खोलने और जंग खत्म करने जैसे मुद्दे शामिल हैं। ———————– यह खबर भी पढ़ें… ट्रम्प के पास बड़े फैसले लेने का आखिरी मौका: संसद का सत्र आज से, 2 महीने में कई बड़े काम निपटा सकते हैं राष्ट्रपति ट्रम्प के पास अपना एजेंडा पूरा करने के लिए करीब दो महीने बचे हैं। रिपब्लिकन पार्टी संसद के दोनों सदनों में बहुमत गंवा चुकी है। हालांकि, नई संसद के कामकाज संभालने तक पुराने सांसद ही काम करेंगे। पूरी खबर पढ़ें…

ea822bca-d11d-4331-804c-a7a8e275d6d6
WhatsApp Image 2026-09-29 at 2.38.09 PM (1)

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *