आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में यूट्यूबर पीयूष मल्होत्रा के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला पुष्पांजलि गार्डेनिया, सेक्टर-16, आवास विकास स्थित कैलेंडोला टॉवर का बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित मनीष कमल की शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई की गई है। शिकायत में पीयूष मल्होत्रा के अलावा उनकी मां और तीन-चार अज्ञात युवकों पर भी मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसके घर में घुसे और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

मारपीट की घटना में घायल हुए मनीष कमल का पुलिस द्वारा मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में चोटों की पुष्टि होने की बात सामने आई है। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही घटना के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जा सकती है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

ea822bca-d11d-4331-804c-a7a8e275d6d6
WhatsApp Image 2026-09-29 at 2.38.09 PM (1)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *