दिल्ली में सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास तेज रफ्तार कार ने रिक्शा और ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी चालक की तलाश कर रही है। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली में प्लास्टिक मोल्डिंग यूनिट में लगी आग, 3 लोग घायल दिल्ली के समयपुर बादली इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार सुबह प्लास्टिक मोल्डिंग यूनिट में आग लग गई। हादसे में तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए। आग की सूचना रात करीब 12:30 बजे फेज-2 से मिली, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दिल्ली फायर सर्विस ने आग बुझाने के लिए 15 फायर टेंडर तैनात किए। इनमें ब्रोंटो एरियल लैडर प्लेटफॉर्म भी शामिल था। यूनिट बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, पहली और दूसरी मंजिल वाले भवन में चल रही थी। आग पर सुबह 3:15 बजे तक काबू पा लिया गया, जबकि कूलिंग का काम जारी रहा। घायलों की पहचान धर्मवीर (32), मोहम्मद सारुख (41) और अमित (34) के रूप में हुई है। तीनों को दमकल टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने अंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद तीनों अस्पताल से चले गए। तमिलनाडु में पूर्व पंचायत अध्यक्ष की हत्या, TASMAC के पास बदमाशों ने किया हमला, जमीन विवाद का शक तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले में 56 साल के पूर्व पंचायत अध्यक्ष आर्थर की हत्या कर दी गई। सिकल गांव में तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन दुकान के पास अज्ञात लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया। हत्या के पीछे पुराने जमीन विवाद को वजह बताया जा रहा है। हत्या के बाद आर्थर के रिश्तेदारों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रामेश्वरम-कन्याकुमारी ईस्ट कोस्ट रोड पर रास्ता रोकने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोक दिया। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दिल्ली में MCD सफाईकर्मी का शव मिला, गले में लिपटा था तार दिल्ली के अलीपुर थाना इलाके के मुखमेलपुर में शुक्रवार सुबह खाली सरकारी प्लॉट में एमसीडी सफाईकर्मी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान रवि कुमार (40) के रूप में हुई है। पुलिस को मौके पर उसके गले में तार लिपटा मिला। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि सुबह अलीपुर थाना पुलिस को मुखमेलपुर के वाल्मीकि मोहल्ले में एक खाली सरकारी प्लॉट में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद मृतक की पहचान रवि के रूप में हुई। 4 साल में 111 विधायकों, सांसदों ने बदली पार्टी; ADR रिपोर्ट में खुलासा 2022 से 2026 के बीच चुनाव जीतने के बाद 111 सांसदों और विधायकों ने पार्टी बदली। एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक इनमें 26 लोकसभा सांसद, 7 राज्यसभा सदस्य और 78 विधायक शामिल हैं। नगालैंड में सबसे ज्यादा 32 और पश्चिम बंगाल में 20 नेताओं ने पार्टी बदली। नगालैंड के सभी 32 मामले विधायकों से जुड़े हैं। इनमें 25 विधायक सत्तारूढ़ एनडीपीपी से चुने गए थे, जबकि 32 विधायक एनपीएफ में गए। बंगाल में सभी 20 मामले लोकसभा सदस्यों के हैं, जो तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुने गए थे और बाद में एनसीपीआई में गए।
