इंग्लैंड के कप्तान और बायर्न म्यूनिख के स्टार स्ट्राइकर हैरी केन ने 2026 का बैलन डी’ओर अवॉर्ड जीत लिया है। वे 25 साल बाद यह सम्मान हासिल करने वाले पहले इंग्लिश फुटबॉलर बने हैं। उनसे पहले 2001 में माइकल ओवेन ने यह अवॉर्ड जीता था। सोमवार को लंदन में आयोजित समारोह में केन को पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। केन ने पिछले सीजन क्लब और देश के लिए 73 गोल किए। वे यूरोप के टॉप स्कोरर रहे। वोटिंग में उन्होंने फ्रांस के किलियान एम्बापे, स्पेन के लेमिन यामल, 2024 के विजेता रोड्रि और रिकॉर्ड 8 बार के विजेता लियोनेल मेसी को पीछे छोड़ा। यामल लगातार तीसरे साल सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी चुने गए। बायर्न को दिलाया बुंडेसलीगा और जर्मन कप का खिताब केन ने बायर्न म्यूनिख को बुंडेसलीगा और जर्मन कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने जर्मन कप के फाइनल में स्टटगार्ट के खिलाफ हैट्रिक लगाई। वर्ल्ड कप में भी केन का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 6 गोल किए और इंग्लैंड के लिए वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बनने के मामले में गैरी लिनेकर को पीछे छोड़ दिया। उनकी कप्तानी में इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में अर्जेंटीना से हारने के बाद तीसरे स्थान के मुकाबले में फ्रांस को हराया। केन बोले- मेरा सफर आसान नहीं था अवॉर्ड जीतने के बाद केन भावुक नजर आए। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को संदेश देते हुए कहा कि मेहनत, दृढ़ संकल्प और खुद पर भरोसे से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। केन ने कहा, ‘मेरा सफर सीधा और आसान नहीं था। मैं ऐसा खिलाड़ी नहीं था, जो सीधे शीर्ष पर पहुंच गया। मुझे मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा। मुझे लगातार मेहनत करके खुद को सर्वश्रेष्ठ साबित करना पड़ा। उम्मीद है कि मेरा सफर बच्चों को प्रेरित करेगा।’ केन ने अपनी सफलता का श्रेय टीम के साथियों, कोचों, माता-पिता और पत्नी केट को दिया। उन्होंने पत्नी को अपना सबसे अच्छा दोस्त और सबसे बड़ा समर्थक बताया। इंग्लैंड के कोच थॉमस ट्यूशेल ने भी केन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड की टीम खुशकिस्मत है कि उसके पास केन जैसा कप्तान है। पहली बार लंदन में हुआ समारोह बैलन डी’ओर समारोह पहली बार लंदन में आयोजित किया गया। इसके जरिए 1956 में इस पुरस्कार के पहले विजेता बने इंग्लैंड के स्टेनली मैथ्यूज को भी सम्मान दिया गया। महिला वर्ग में एलेक्सिया पुतेलास की तीसरी जीत स्पेन की मिडफील्डर एलेक्सिया पुतेलास ने महिला बैलन डी’ओर का खिताब तीसरी बार अपने नाम किया। उन्होंने इससे पहले 2021 और 2022 में लगातार दो बार यह अवॉर्ड जीता था। पुतेलास ने पिछले सीजन अपनी पूर्व टीम बार्सिलोना को विमेंस चैंपियंस लीग सहित कई खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दिसंबर में स्पेन को विमेंस नेशंस लीग का खिताब जिताने में भी योगदान दिया। 32 साल की पुतेलास ने स्पेन की अपनी साथी एताना बोनमाटी के लगातार तीन साल के दबदबे को खत्म किया। बोनमाटी ने 2023, 2024 और 2025 में यह अवॉर्ड जीता था, लेकिन पैर में फ्रैक्चर के कारण इस बार शॉर्टलिस्ट में जगह नहीं बना सकीं। पुतेलास ने युवा खिलाड़ियों को संदेश देते हुए कहा, “खुद पर भरोसा रखें, यही सबसे जरूरी है। अगर आपका कोई सपना है, तो उसे पूरा करने की कोशिश करें। भले ही कभी आपको शून्य से शुरुआत करनी पड़े।’ ————————————— स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… विमेंस प्रीमियर लीग ऑक्शन के बारे में सबकुछ:146 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली, 27 स्लॉट खाली; यूपी वॉरियर्स के पास सबसे ज्यादा ₹3.75 करोड़ विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2027 का ऑक्शन 28 अक्टूबर को कोच्चि के ग्रैंड हयात में होगा। शाम 5:30 बजे शुरू होने वाली नीलामी में 5 फ्रेंचाइजी बोली लगाएंगी। UP वॉरियर्स के पास सबसे ज्यादा ₹3.75 करोड़ का पर्स बचा है। पूरी खबर

ea822bca-d11d-4331-804c-a7a8e275d6d6
WhatsApp Image 2026-09-29 at 2.38.09 PM (1)

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *